उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करते हुए रविवार को टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और अजय टम्टा ने विभिन्न स्टेशनों से ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं और लगभग 99.6 प्रतिशत रेल मार्गों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि आम यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हजार नए सामान्य श्रेणी के कोच तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे कुमाऊं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु बनेगी। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से महाराष्ट्र सहित मध्य और दक्षिण भारत के यात्रियों को उत्तराखंड आने में सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस से धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह, अजय टम्टा और जितिन प्रसाद ने नई रेल सेवाओं को क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि इससे यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेल अधिकारियों के अनुसार टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का शाहजहांपुर तक विस्तार होने से स्थानीय यात्रियों की यात्रा और अधिक सुगम होगी, जबकि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस से उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है।




