देहरादून में पालतू कुत्तों की लड़ाई को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक पक्ष के पिटबुल ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए। घटना में एक दरोगा और उनका बेटा घायल हो गए तथा दोनों के सिर में चोट आई।
जानकारी के अनुसार, कुत्तों के आपस में भिड़ने के बाद उनके मालिकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट के दौरान लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया और पिटबुल के हमले से भी लोग घायल हुए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




