मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मसूरी बस अड्डे के समीप स्थित 77 अवैध आवासीय इकाइयों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
एमडीडीए की टीम ने प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में सीलिंग अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवनों का निर्माण निर्धारित मानकों और स्वीकृत नक्शे के बिना किया गया था। पूर्व में भी इन निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया।
एमडीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। लोगों से बिना प्राधिकरण की अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करने की अपील की गई है।




