उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनीता श्रीवास्तव ने गुरुवार को मुरादाबाद–मीरानपुर कटरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, परिचालन व्यवस्था और रेल अवसंरचना का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने मीरानपुर कटरा स्टेशन के निकट अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के पास निर्माणाधीन गति शक्ति टर्मिनल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीआरएम ने अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर रेलवे के माध्यम से माल परिवहन बढ़ाने, लॉजिस्टिक सुविधाओं के विस्तार तथा उद्योग और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की। बैठक में भविष्य में रेल आधारित माल यातायात बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम शंकर झा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आदित्य गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (तृतीय) करन प्रीत सिंह, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता (प्रथम) मनीष कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




