कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले धनौरी-सिडकुल मार्ग पर पथरी रौ नदी में पुरानी गंग नहर के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में निर्माणाधीन दो लेन के 90 मीटर स्पान पुल का निरीक्षण किया। करीब 16.59 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के 36 में से 33 आधार स्तंभ अंतिम चरण में हैं, जबकि शेष तीन का निर्माण इसी माह पूरा होने की जानकारी अधिकारियों ने दी। इसके बाद पाइल कैप और स्टील सुपर स्ट्रक्चर का कार्य किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने नदी तल में चल रहे कार्य में तेजी लाने, नियमित गुणवत्ता परीक्षण कराने और तय समय पर पुल निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने धनौरी-सिडकुल मोटर मार्ग के करीब 8.5 किलोमीटर लंबे चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। 6.53 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में उन्होंने बारिश के दौरान आधारभूत कार्य शीघ्र पूरा करने तथा वर्षा समाप्त होते ही डामरीकरण शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों का विकास बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी परियोजनाएं गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




