उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने के लिए निर्वाचन आयोग ने दो ऑनलाइन विकल्प उपलब्ध कराए हैं। अब मतदाता घर बैठे वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा कर सकेंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रदेश में 8 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू हो चुका है, जिसके तहत मतदाता सूची को अद्यतन किया जा रहा है। मतदाता आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर या ईसीआई नेट (ECI Net) एप के माध्यम से स्वयं अपना विवरण भर सकते हैं। इससे बूथ स्तर पर लगने वाली भीड़ कम होगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व सुगम बनेगी।
अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं को किसी प्रकार की समस्या आती है, वे अपने क्षेत्र के बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से संपर्क कर सकते हैं। अभियान के दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया भी जारी रहेगी।
निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से समय रहते गणना प्रपत्र भरने और अपने विवरण का सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन रह सके।




