जनपद में बढ़ते हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं। शासन के निर्देशों के तहत यह व्यवस्था 27 अप्रैल से 26 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालयों का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाएं प्रातः 7:30 बजे से 12:30 बजे तक संचालित होंगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को छात्रों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
निर्देशों के तहत स्कूलों में नियमित अंतराल पर ‘वॉटर बेल’ बजाने, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन रखने तथा ओआरएस और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा छात्रों को हीटवेव से बचाव की जानकारी देने और तेज धूप के दौरान खेलकूद व अन्य बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया है कि अवकाश के बाद छात्रों को समूह में घर भेजा जाए, ताकि किसी आपात स्थिति में सहयोग मिल सके।
जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों को नई समय-सारणी के अनुसार संचालन करने और जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




