उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

मानव एकता दिवस पर 170 श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान, करुणा और सेवा का संदेश

संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘मानव एकता दिवस’ के अवसर पर बाबा गुरबचन सिंह जी की पावन स्मृति में भव्य सत्संग एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 170 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।

रक्तदान शिविर का उद्घाटन जोनल इंचार्ज कुलभूषण चौधरी ने किया। इस दौरान जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों की टीम ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से रक्तदान प्रक्रिया संपन्न कराई। शिविर में कुल 170 यूनिट रक्त संकलित किया गया। आयोजन के दौरान स्वच्छता, सतर्कता और सेवा-भाव का विशेष ध्यान रखा गया।

सत्संग को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा गुरबचन सिंह के बताए सत्य, सरलता और सद्भावना के मार्ग को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त जीवन जीते हुए अपनी ऊर्जा समाज सेवा में लगाने की प्रेरणा दी। साथ ही बाबा हरदेव सिंह के संदेश “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” को जीवन में उतारने की बात कही।

संयोजक हरीश कुमार ने कहा कि करुणा, प्रेम और एकता की भावना से ही मानव समाज का कल्याण संभव है। यह आयोजन “मानव को मानव हो प्यारा, एक-दूजे का बने सहारा” के संदेश को साकार करता है।

मंडल के सचिव जोगिन्दर सुखीजा के अनुसार, देशभर में लगभग 200 स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में करीब 40 हजार यूनिट रक्त संकलित किया गया। आने वाले समय में 705 स्थानों पर और शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि पिछले चार दशकों में मिशन द्वारा 9,174 शिविरों के माध्यम से 15 लाख से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका है।

‘मानव एकता दिवस’ का मुख्य आयोजन दिल्ली में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ, जबकि देशभर के सत्संग केंद्रों पर भी श्रद्धा और समर्पण के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button