हरिद्वार, 21 मार्च। राष्ट्र सेविका समिति की सरस्वती शाखा द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर, रानीपुर सेक्टर-2 में ध्वज प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य शिक्षिका रश्मि एवं ध्वज अग्रेसरिका नीलम को विधिवत ध्वज प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सह नगर कार्यवाहिका डॉ. प्रियंका ने भगवा ध्वज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह ध्वज हमें अहंकार त्यागकर निरंतर राष्ट्र सेवा के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि शाखाओं के माध्यम से समिति महिलाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही अंजलि जी ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण में राष्ट्र सेविका समिति की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा सभी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नगर शारीरिक प्रमुख नीलम, नगर बौद्धिक प्रमुख तनुजा सहित अनेक सेविका बहनें उपस्थित रहीं। विशेष रूप से प्रधानाचार्य एवं विभाग कार्यवाह लोकेंद्र दत्त अथंवाल, प्रवीण तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से लक्ष्मी बाई केलकर द्वारा प्रारंभ की गई शाखाओं की श्रृंखला में एक नई शाखा का विस्तार किया गया। वक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में इसी प्रकार शाखाओं का विस्तार होता रहेगा और महिलाएं सनातन संस्कृति के संरक्षण के साथ राष्ट्र सेवा में सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी।




