हरिद्वार, 19 मार्च। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की भीमगोड़ा-खड़खड़ी इकाई का गठन किया गया। नवगठित इकाई में अजय अरोड़ा को चेयरमैन, रवि ठाकुर को अध्यक्ष तथा रमेश कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, जिलाध्यक्ष डा. विशाल गर्ग, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, महामंत्री विमल सक्सेना और कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
जिलाध्यक्ष डा. विशाल गर्ग ने कहा कि मजबूत संगठन ही व्यापारियों के हितों की रक्षा कर सकता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन खरीददारी के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है, जिसे लेकर जल्द ही केंद्र और राज्य सरकार को व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारी विभिन्न करों का भुगतान कर अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, इसलिए सरकार को उनके हितों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप ने कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संकल्पित है और जनपद में लगातार विस्तार किया जा रहा है। नवनियुक्त अध्यक्ष रवि ठाकुर ने आभार जताते हुए कहा कि शीघ्र ही कार्यकारिणी का विस्तार कर सभी को साथ लेकर व्यापारी हितों के लिए कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में मयंक मूर्ति भट्ट, आदेश मारवाड़ी, आशीष, ललित, सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, रवि खट्टर, राजेंद्र पांडे, ललित अग्रवाल, नरेंद्र, निशा गुप्ता, दया ठाकुर, मांगेराम, सुनील गुप्ता, मोहित अग्रवाल, मुकेश ठाकुर, सतीश कश्यप, नितिन शर्मा, सागर मदान, योगेश भसीन, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।




