हरिद्वार, 17 मार्च। कनखल थाना क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी और साहसिक कार्रवाई से एक महिला की जान बच गई। एक युवक ने अपनी ही मां को घर में बंधक बनाकर गैस सिलेंडर से जिंदा जलाने की धमकी दे दी थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना 12 मार्च की शाम करीब 6:24 बजे की है, जब डायल 112 पर सूचना मिली कि राधिका एन्क्लेव कॉलोनी में एक युवक ने अपनी मां को घर में बंद कर रखा है और गैस रिसाव कर आग लगाने की धमकी दे रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी जगजीतपुर उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक टीम सहित मौके पर पहुंचे।
पुलिस द्वारा दरवाजा खुलवाने के प्रयास विफल होने पर स्थिति गंभीर हो गई। इस पर उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक ने साहस दिखाते हुए वैकल्पिक योजना अपनाई। उन्होंने एक ओर आरोपी को बातचीत में उलझाए रखा, वहीं दूसरी ओर पुलिस टीम को कटर मंगवाने के निर्देश दिए। इसके बाद सीढ़ी के सहारे छत पर पहुंचकर खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया।
अंदर आरोपी के हाथ में चाकू, लाइटर और गैस सिलेंडर खुला हुआ था। खतरे को भांपते हुए उपनिरीक्षक ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और उसे जमीन पर गिराकर काबू कर लिया। इसी दौरान पुलिस व फायर सर्विस की टीम ने मुख्य दरवाजा काटकर अन्य पुलिसकर्मियों को अंदर पहुंचाया।
पुलिस ने कमरे में बंद महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द किया। आरोपी नमन शर्मा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।




