हरिद्वार, 1 मार्च 2026। सर्वानंद घाट से दहियाकी शिव मंदिर के महंत यति रामस्वरुपानन्द गिरी के नेतृत्व में संतों एवं शिष्यों ने यूजीसी के विरोध में दिल्ली के रामलीला मैदान तक प्रस्तावित पदयात्रा का शुभारंभ किया। पदयात्रा 8 मार्च 2026 को दिल्ली में संपन्न होगी।
पदयात्रा से पूर्व श्री परशुराम अखाड़ा के पंडित अधीर कौशिक ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर यात्रा को विधिवत रवाना किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर यति नरसिंहानन्द गिरी के शिष्यों सहित यति परमात्मानंद गिरी, यति सत्यमित्रानंद गिरी एवं अन्य संत उपस्थित रहे।
महंत यति रामस्वरुपानन्द गिरी ने कहा कि वे यूजीसी से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों का विरोध कर रहे हैं और इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से दिल्ली तक पदयात्रा करेगा और रामलीला मैदान में सभा आयोजित करेगा।
पदयात्रा में सतीश शर्मा (गौरक्षा जिला प्रमुख, रुड़की), योगेंद्र सालार (जिला उपाध्यक्ष, भारतीय हिंदू रक्षा वाहिनी, हरिद्वार), इसम सिंह चौधरी, चौधरी अनुज बेनिवाल, मोहन जट, सुखदेव सिंह, विजय पांडे सहित अन्य समर्थक शामिल रहे।
प्रशासन की ओर से यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।




