हरिद्वार, 06 जून 2025: अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा ने महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. संतोषानंद देव महाराज को सत्र 2024-2027 के लिए राष्ट्रीय वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष मदनलाल प्रभातीलाल जायसवाल ने मुख्य संरक्षक बालेश्वर दयाल, वरिष्ठ संरक्षक पन्नालाल जायसवाल, राष्ट्रीय संरक्षक किशोर हेमराज जायसवाल और रविन्द्र जायसवाल की अनुशंसा व व्यापक विचार-विमर्श के आधार पर की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मदनलाल जायसवाल ने कहा कि डॉ. संतोषानंद देव की शैक्षणिक योग्यता, सामाजिक पृष्ठभूमि, रचनात्मक सक्रियता और कुशल संगठन क्षमता के आधार पर महासभा को पूर्ण विश्वास है कि वह संगठन की नीतियों, सिद्धांतों और विचारों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. संतोषानंद सामाजिक एकता, संगठन के उत्थान और राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, साथ ही महासभा के कुल आराध्य भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के आदर्शों को आगे बढ़ाएंगे।
इस नियुक्ति पर राष्ट्रीय महासचिव आदित्य वर्धनम, राष्ट्रीय सचिव हरीप्रकाश अनन्तलाल जायसवाल, मुख्य संरक्षक बालेश्वर दयाल, वरिष्ठ संरक्षक पन्नालाल जायसवाल, राष्ट्रीय संरक्षक किशोर हेमराज जायसवाल, राष्ट्रीय संरक्षक व उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आनंद सिंह मेवाड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. संतोषानंद को शुभकामनाएं दी हैं।
यह नियुक्ति महासभा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो संगठन को सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त बनाने में सहायक होगी।