उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

रायबरेली में राहुल गांधी के काफिले को रोकने की कोशिश, कांग्रेस ने की निंदा

रायबरेली। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय रायबरेली दौरे के दौरान मंगलवार को उनके काफिले को रोकने का प्रयास किया गया। रायबरेली-लखनऊ हाईवे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी वापस जाओ” के नारे लगाए। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में ले लिया।

 

कांग्रेस जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ त्रिवेदी ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि को रोकना या अपमानजनक व्यवहार करना अलोकतांत्रिक है। उन्होंने इसे “गंभीर अशोभनीय कृत्य” करार दिया।

 

त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता और प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह चर्चा में बने रहने के लिए इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने बार-बार उन्हें चुनाव में खारिज किया है और अब वह राजनीतिक हताशा में अनर्गल गतिविधियों पर उतर आए हैं।

 

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी रायबरेली के सांसद होने के साथ-साथ देश के नेता प्रतिपक्ष हैं और हमेशा जनहित में काम करते रहे हैं। उनके काफिले की सुरक्षा में चूक पर भी सवाल उठे कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में लोग हाईवे पर कैसे एकत्रित हो गए।

 

कांग्रेस प्रवक्ता ने रायबरेली की जनता की परिपक्वता की सराहना करते हुए कहा कि यहां की जनता हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करती है और चुनावों में मंत्री सिंह को करारा जवाब देती रही है। साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपने विचार रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button