कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को बेहतर बनाने और आयोजन में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा सेवाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए।
बैठक में कुंभ-2027 के लोगो, कुंभ गीत और आधिकारिक वेबसाइट का प्रस्तुतिकरण भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को कुंभ से जुड़ी आवश्यक जानकारियां, उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी मिल सकेगी।
समयबद्धता और गुणवत्ता पर विशेष जोर
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों, स्थानीय निकायों, धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, नियमित निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता दी जा रही है। समिति की बैठक में प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क, घाट और पार्किंग सुविधाओं का होगा विकास
बैठक में बताया गया कि कुंभ की तैयारियों के तहत सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, घाटों के विकास, पैदल मार्गों में सुधार, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता और पार्किंग स्थलों के विकास सहित विभिन्न अवस्थापना कार्य किए जा रहे हैं। प्रमुख मार्गों और स्थलों पर संकेतक बोर्ड, सूचना केंद्र तथा डिजिटल सूचना प्रणालियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
इसके अलावा अस्थायी आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं, सहायता केंद्रों, विश्राम स्थलों और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। यातायात सुचारु रखने, सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित बनाने और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
संगठनों ने की तैयारियों की सराहना
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने कुंभ की तैयारियों के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने, गुणवत्ता बनाए रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतिनिधियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, पर्याप्त पार्किंग विकसित करने, घाटों की सुरक्षा, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, स्वच्छता प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के संबंध में सुझाव दिए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कुंभ से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने तैयारियों और व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
बैठक में हरिद्वार की महापौर किरण जैसल, ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, मुनिकीरेती नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, स्वामी ललितानंद, स्वामी शिवानंद, महंत राज गिरि, महंत विष्णु दास, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष संजीव नैयर, जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, धर्मशाला समिति अध्यक्ष महेश गौड़, महामंत्री विकास तिवारी, प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विशाल गर्ग, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि महंत अनिल गिरि तथा उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




