कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने जनसहभागिता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें हरिद्वार, ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर यातायात, पार्किंग, घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा सेवाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सुझाव दिए।
बैठक में कुंभ-2027 के लोगो, कुंभ गीत और आधिकारिक वेबसाइट का प्रस्तुतिकरण भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को कुंभ से जुड़ी आवश्यक जानकारियां, उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति का विवरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
समयसीमा में पूरे होंगे निर्माण कार्य
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों, स्थानीय निकायों, धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मेला प्रशासन निर्धारित समयसीमा के अनुरूप तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता है। समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क, घाट और पार्किंग सुविधाओं का होगा विस्तार
बैठक में कुंभ क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास और विस्तार से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई। इनमें सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, घाटों का विकास, पैदल मार्गों में सुधार, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता और पार्किंग स्थलों का विकास शामिल है। श्रद्धालुओं को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संकेतक बोर्ड, सूचना केंद्र और डिजिटल सूचना प्रणालियों को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
मेले के दौरान अस्थायी आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, सहायता केंद्र, विश्राम स्थल और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारियां भी की जा रही हैं। इसके साथ ही यातायात सुचारु रखने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण पर नियंत्रण तथा नियमानुसार कार्रवाई पर भी चर्चा हुई।
हितधारकों ने की तैयारियों की सराहना
बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने कुंभ की तैयारियों के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने, गुणवत्ता बनाए रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रतिनिधियों ने यातायात प्रबंधन, पर्याप्त पार्किंग, घाटों की सुरक्षा, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, स्वच्छता और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के संबंध में सुझाव रखे।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कुंभ मेला-2027 से संबंधित कार्यों की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
बैठक में हरिद्वार की महापौर किरण जैसल, ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, मुनिकीरेती नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, स्वामी ललितानंद, स्वामी शिवानंद, महंत राज गिरि, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष संजीव नैयर, जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, धर्मशाला समिति अध्यक्ष महेश गौड़, महामंत्री विकास तिवारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी विशाल गर्ग एवं प्रवीण शर्मा, महंत अनिल गिरि, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।




