उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्लीदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

रोजा से बांग्लादेश भेजा गेहूं का पहला रैक, रेलवे को मिला 56.57 लाख का मालभाड़ा

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रोजा गुड्स शेड से बांग्लादेश के दर्शना के लिए गेहूं की पहली रेक सफलतापूर्वक रवाना की गई। सात सितंबर को गुड्स शेड की लाइन संख्या-1 से 42 वैगन वाली बीसीएन रेक में गेहूं लोड किया गया। खेप को एम/एस वीके उद्योग लिमिटेड (वीकेयूएल) ने लोड किया है।

रेलवे के मुताबिक जून 2021 के बाद करीब पांच वर्ष के अंतराल में रोजा से बांग्लादेश के लिए गेहूं की यह पहली रेल खेप है। इससे रेलवे को 56 लाख 57 हजार 112 रुपये का मालभाड़ा प्राप्त हुआ है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इससे मंडल के माल राजस्व में वृद्धि के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार को रेल परिवहन से बढ़ावा मिलेगा।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा के निर्देशन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) ने ग्राहक से समन्वय कर रेक की लोडिंग में अहम भूमिका निभाई। रेलवे के अनुसार वीके उद्योग की ओर से मौजूदा खेप के सफल निर्यात के बाद इसी माह चार से पांच और रेक लोड किए जाने की संभावना है।

रेलवे का कहना है कि माल ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ने और माल ढुलाई को सुविधाजनक व प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए बीडीयू लगातार प्रयास कर रही है। रोजा से बांग्लादेश के लिए गेहूं की रेक का संचालन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button