उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने सोमवार को मुरादाबाद–शाहजहाँपुर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैगुल नदी पर बने रेल पुल का जायजा लिया और संरचनात्मक व परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे रामपुर और शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
रामपुर स्टेशन पर डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं और स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को अनधिकृत पार्किंग पर सख्ती से नियंत्रण करने के निर्देश दिए। गुड्स शेड का निरीक्षण करते हुए व्यापारियों और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
शाहजहाँपुर स्टेशन पर उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और पुस्तकालय का निरीक्षण कर पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल अभियंता (तृतीय) करन प्रीत सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला सहित अन्य रेल अधिकारी मौजूद रहे।




