लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा धारण किए व्यक्ति से नृत्य कराए जाने के विरोध में श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने मंगलवार को शंकर आश्रम स्थित हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। अखाड़े ने घटना पर नाराजगी जताते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को देवी-देवताओं के स्वरूप का राजनीतिक कार्यक्रमों में इस प्रकार उपयोग करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की वेशभूषा में भाजपा का झंडा देकर नृत्य कराना करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि श्री अखंड परशुराम अखाड़ा लंबे समय से शोभायात्राओं और सार्वजनिक आयोजनों में देवी-देवताओं की वेशभूषा धारण कर नृत्य किए जाने का विरोध करता रहा है। उन्होंने हिंदू संगठनों से भी इस विषय पर आवाज उठाने का आह्वान किया।
विष्णु प्रसाद शास्त्री और कार्तिक महाराज ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए तथा सनातन संस्कृति के सम्मान और संरक्षण के लिए सभी को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर अभिमन्यु शास्त्री, मनोज मिश्रा, रमेश शर्मा, गोविंद उपाध्याय, हिमांशु उपाध्याय, राजेंद्र प्रसाद, दिनेश सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




