उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी में 16 राज्यों से 1000 से अधिक आवेदन, 18 जुलाई को होगा इंटरव्यू

14 जुलाई तक पंजीकरण, 15 से 17 जुलाई तक निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला, 21 जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी

स्वामी रामदेव एवं आयुर्वेदाचार्य आचार्य बालकृष्ण की प्रेरणा से स्थापित पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी के वर्ष 2026-28 बैच के लिए देशभर में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और हरियाणा सहित 16 राज्यों के 1000 से अधिक अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं। अकादमी में पहली बार पतंजलि योगपीठ के लगभग 50 संन्यासी भी प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेंगे और 18 जुलाई को होने वाले इंटरव्यू में शामिल होंगे।

अकादमी में यूपीएससी के साथ-साथ राज्य लोक सेवा आयोग (PCS) परीक्षाओं की भी उच्च स्तरीय तैयारी कराई जाएगी। बीए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी भी आवेदन के पात्र होंगे। योगगुरु स्वामी रामदेव ने घोषणा की है कि ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने यूपीएससी या पीसीएस की प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण की है, लेकिन दो या अधिक प्रयासों के बाद भी इंटरव्यू में सफल नहीं हो सके, वे भी आवेदन कर सकते हैं।

पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 जुलाई 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को उसी दिन शाम 5 बजे तक पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार पहुंचना होगा। इसके बाद 15 से 17 जुलाई तक तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें यूपीएससी व पीसीएस की तैयारी, उत्तर लेखन, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, योग, प्राणायाम, ध्यान और भारतीय जीवन मूल्यों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद 18 जुलाई को इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।

अकादमी की ओर से प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। चयनित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं 21 जुलाई से प्रारंभ होंगी। दो वर्षीय आवासीय फाउंडेशन कोर्स के तहत पहले छह माह बेसिक फाउंडेशन, अगले एक वर्ष एडवांस अध्ययन और अंतिम छह माह रिवीजन व टेस्ट सीरीज कराई जाएगी।

अकादमी के अध्यक्ष प्रख्यात शिक्षक अवध ओझा हैं, जबकि संरक्षक भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस एन.पी. सिंह हैं। सचिव के रूप में पतंजलि विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) मयंक कार्यभार संभाल रहे हैं। विद्यार्थियों का मार्गदर्शन अर्थशास्त्र विशेषज्ञ नमन जैन, भूगोल विशेषज्ञ चंद्रमौली चौधरी सहित विभिन्न विषयों के प्रतिष्ठित शिक्षक करेंगे। इसके अलावा सेवानिवृत्त आईएएस, आईपीएस अधिकारियों और शिक्षाविदों का विशेष मार्गदर्शक मंडल भी विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं का व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button