देहरादून के लालपुल क्षेत्र में 23 जून को हुए सिटी बस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जिलाधिकारी ने जारी कर दिए हैं। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को मामले की जांच कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जांच में दुर्घटना के कारणों, चालक की भूमिका, वाहन की तकनीकी स्थिति, संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुझावों का परीक्षण किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 23 जून को लालपुल के पास एक सिटी बस अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई थी, जिससे वहां बैठे कई मजदूर घायल हो गए थे। प्रारंभिक जांच में चालक की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई गई थी, हालांकि वास्तविक कारणों का पता अब मजिस्ट्रियल जांच के बाद ही चल सकेगा।




