मुरादाबाद, 12 जून। अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस (आईएलसीएडी) के अवसर पर मुरादाबाद रेल मंडल में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में रेल यात्रियों और कर्मचारियों को समपार फाटकों पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में स्थापित संरक्षा जागरूकता सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर यात्रियों और कर्मचारियों ने सेल्फी लेकर अभियान में सहभागिता निभाई।
उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने समपार फाटक सुरक्षा विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। वहीं रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस एवं संरक्षा विभाग के सहयोग से मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से हरथला समपार फाटक संख्या 419-सी तक सुरक्षा जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली के दौरान लोगों को पंपलेट वितरित कर समपार फाटक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में रेल यात्रियों ने भाग लिया।




