उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

देश जनहित राष्ट्रीय हिंदी पत्रिका का भव्य विमोचन, पत्रकारों के लिए 5 लाख बीमा योजना की घोषणा

हरिद्वार, शुक्रवार। धर्मनगरी हरिद्वार के प्रेस क्लब सभागार में “देश जनहित” राष्ट्रीय हिंदी पत्रिका का भव्य विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसडीएम जितेंद्र कुमार, समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग, जिला सूचना अधिकारी रतिलाल शाह तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने पत्रिका का विमोचन कर इसे जनमानस को समर्पित किया।

इस अवसर पर पत्रिका के संपादक दीपक राजपूत ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि “देश जनहित” टीम से जुड़े प्रत्येक पत्रकार के लिए पांच लाख रुपये का बीमा कराया जाएगा। उनकी इस घोषणा का कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वागत किया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में जिम्मेदार और निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच भ्रामक खबरों का प्रसार चिंता का विषय है, ऐसे में प्रामाणिक पत्रकारिता की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है। जिला सूचना अधिकारी रतिलाल शाह ने अपुष्ट खबरों से बचने और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही समाचार प्रकाशित करने की अपील की।

एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता को बनाए रखने पर बल दिया, वहीं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े लेखों को पत्रिका में शामिल करने का सुझाव दिया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने आपदा के समय सही सूचना प्रसार में मीडिया की अहम भूमिका बताई।

शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि यह समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। एसडीएम जितेंद्र कुमार ने मीडिया और प्रशासन के समन्वय को आवश्यक बताया, जबकि एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने जिम्मेदार पत्रकारिता को समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी बताया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने पत्रिका की सराहना करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अंत में संपादक दीपक राजपूत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रिका का उद्देश्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और समाज के हर वर्ग की आवाज बनना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकारों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button