राजपुर रोड स्थित रोमियो लेन बार प्रकरण को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई के छात्रों ने पुलिस मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और पद से हटाने की मांग उठाई।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देहरादून के कई बारों के संचालन में पुलिस की मिलीभगत है और नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा। छात्रों ने इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि हाल ही में रोमियो लेन बार में निर्धारित समय के बाद भी संचालन को लेकर विवाद सामने आया था। आरोप है कि देर रात तक बार खुला रहा और कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम को हस्तक्षेप के कारण कार्रवाई में दिक्कत हुई। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस मुख्यालय ने भी पूरे घटनाक्रम पर रिपोर्ट तलब की है।
इस प्रकरण को लेकर अब राजनीतिक और छात्र संगठनों की सक्रियता बढ़ गई है, जिससे आने वाले दिनों में मामले पर और सियासी गर्माहट बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।




