उत्तराखंड विधानसभा में मंगलवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में ‘नारी सम्मान: लोकतंत्र में अधिकार’ विषय पर चर्चा की जा रही है, जिसमें पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं।
सत्र के दौरान सत्ता पक्ष ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन’ प्रस्ताव का समर्थन किया। साथ ही महिला आरक्षण विधेयक को पारित न होने देने के लिए विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल उठाए गए।
सरकार की ओर से इस मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की भी तैयारी है। वहीं विपक्ष ने भी सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाई है और महिलाओं के अधिकार व सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठाने का निर्णय लिया है।
विपक्ष ने 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल को जल्द लागू करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही है। साथ ही राज्य में महिलाओं से जुड़े अपराधों और सुरक्षा के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।
एक दिन के इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज रहने की संभावना है, जिससे सदन में गरमागरम बहस देखने को मिल सकती है।




