गढ़वाल मण्डलहरिद्वार

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बहादराबाद क्षेत्र में विभिन्न शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण

हरिद्वार, 16 दिसम्बर 2025

जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी श्री ललित नारायण मिश्र द्वारा आज बहादराबाद क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों एवं अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा पठन-पाठन की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रम संबंधी प्रश्न पूछे गए, जिनके संतोषजनक उत्तर न मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए शिक्षा व्यवस्था में त्वरित सुधार के निर्देश दिए।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। साथ ही सभी अभिलेखों का समय पर संधारण एवं उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी अकमलपुर बोगला का निरीक्षण किया गया, जहां आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 03, 06 एवं 11 संचालित पाए गए। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 06 पर कार्यकर्ता श्रीमती विनीता अनुपस्थित पाई गईं, जिस पर एक दिन का मानदेय काटने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 03 में 13 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष केवल 03 बच्चे उपस्थित पाए गए, जबकि 10 बच्चों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। इस गंभीर लापरवाही पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

 

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया गया, जो प्रातः 11 बजे तक बंद पाया गया। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, रुड़की का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक श्री कुंवर सिंह बिना पूर्व सूचना अथवा आवेदन पत्र के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उनका एक दिन का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की श्री दीपक सेठ, नगर आयुक्त रुड़की श्री राकेश चंद्र तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी रुड़की एवं खंड विकास अधिकारी बहादराबाद श्री मानस मित्तल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button