संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन किया गया। इस दौरान रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष किया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संविधान दिवस भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला और संविधान की सर्वोच्चता को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श देश को एक न्यायपूर्ण एवं समतामूलक समाज बनाने की प्रेरणा देते हैं।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा जनसेवा, पारदर्शिता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने और संविधान के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव सहित मंडल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




