अंतरराष्ट्रीयउत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

अखाड़े की कार्यप्रणाली से नाराज करौली शंकर जी महाराज ने छोड़ा महामंडलेश्वर पद

श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण की कार्यप्रणाली से नाराज श्री करौली शंकर जी महाराज ने महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धूनी दास जी को पत्र भेजकर स्वेच्छा से पद छोड़ने की जानकारी दी और पद से जुड़े सभी दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है। उनके इस फैसले से संत समाज में हलचल मच गई है।

अपने त्यागपत्र में महाराज ने अखाड़े की आंतरिक व्यवस्था, आपसी विवादों और संपत्तियों के उपयोग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़े में आपसी खींचतान और तानाशाही का माहौल बना हुआ है। साथ ही पंजाब के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान नहीं मिलने के कारण विवाद बढ़ रहे हैं। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि आपसी मुकदमेबाजी की नौबत आ गई है और अखाड़े की पारंपरिक पंचायती व्यवस्था कमजोर हो चुकी है।

महाराज ने अखाड़े की संपत्तियों के उपयोग पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जिन उद्देश्यों को लेकर महापुरुषों ने अखाड़े की स्थापना की थी, उन्हें पूरा करने के बजाय संपत्तियों का निजी हितों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अखाड़े में ध्यान-साधना, पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियां भी बंद हो चुकी हैं। इससे अखाड़े की स्थापना के मूल उद्देश्यों को नुकसान पहुंच रहा है।

पत्र संख्या 1282/HRD के माध्यम से भेजे गए त्यागपत्र में श्री करौली शंकर जी महाराज ने अखाड़े में सेवा का अवसर देने के लिए श्रीमहंतों, संत-महात्माओं और पदाधिकारियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों और अपने स्वतंत्र आध्यात्मिक एवं सामाजिक दायित्वों को देखते हुए उन्होंने महामंडलेश्वर पद छोड़ने का निर्णय लिया है।

श्री करौली शंकर महादेव धाम एवं मिश्री मठ के पीठाधीश्वर और संस्थापक महाराज ने अखाड़ा अध्यक्ष से त्यागपत्र स्वीकार कर उन्हें सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करने का आग्रह किया है। उनके इस्तीफे के बाद अखाड़े की आंतरिक व्यवस्था और संत समाज में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button