उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद मंडल में चलीं विशेष ट्रेनें, स्टेशनों पर किए गए व्यापक इंतजाम

UPSSSC प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुगम और सुरक्षित रेल यात्रा के लिए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने व्यापक इंतजाम किए। 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आयोजित परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके साथ ही प्रमुख ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव देने और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को मजबूत करने की व्यवस्था की गई।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद-लखनऊ, शाहजहांपुर-बिजनौर, लखनऊ-बरेली और बरेली-मथुरा कैंट रेलखंडों पर विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल गाड़ियां चलाई गईं। इनमें गाड़ी संख्या 04322/04321, 04324/04323, 04325/04326, 05011/05012 और 05310/05309 शामिल रहीं। इन ट्रेनों के संचालन से अभ्यर्थियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिली और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिली।

वहीं, बरेली जंक्शन पर परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए गाड़ी संख्या 12558 और 13258 को तीनों परीक्षा तिथियों पर पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया गया, जिससे अभ्यर्थियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने और उतरने का पर्याप्त समय मिल सके।

मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने परीक्षा व्यवस्थाओं के मद्देनजर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, विश्रामालय, टिकट काउंटर, प्रवेश-निकास द्वार, लिफ्ट और एस्केलेटर सहित यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के साथ सामान्य यात्रियों को भी किसी तरह की परेशानी न हो।

टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए अतिरिक्त बुकिंग स्टाफ तैनात किया गया। MUTS के माध्यम से अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने के साथ ही Rail One ऐप की जानकारी दी गई। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में क्यूआर कोड भी लगाए गए, ताकि अभ्यर्थी ऑनलाइन टिकट बुक कर सकें और टिकट की कतारों से बच सकें।

एक नवंबर को परीक्षा के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला ने स्टेशनों पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान टिकट वितरण, यात्रियों की आवाजाही, प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), टिकट चेकिंग स्टाफ और अन्य रेलकर्मियों को सक्रिय रखा गया। उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म की जानकारी भी लगातार दी गई।

रेल प्रशासन के अनुसार, परीक्षा अवधि में अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर परीक्षार्थियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button