सिद्ध पीठ मां बालकुमारी शिव मंदिर समिति की ओर से रविवार को मंदिर परिसर और मां गंगा के तट पर बने घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें गांव और क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अभियान के माध्यम से मंदिर परिसर और गंगा घाट को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने घाट की साफ-सफाई कर लोगों से धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मां बालकुमारी मंदिर एक प्राचीन धार्मिक स्थल है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। पहले गंगा घाट की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को गंगा स्नान करने में परेशानी होती थी। समिति लंबे समय से घाट निर्माण के लिए प्रयास कर रही थी। समिति के अनुसार, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के प्रयासों से मंदिर के समीप गंगा तट पर सुंदर घाट का निर्माण हुआ। इसके बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। घाट के रखरखाव की जिम्मेदारी मंदिर समिति निभा रही है।
दो दिवसीय मेले का हुआ सफल आयोजन
समिति ने बताया कि मंदिर परिसर में पहले एक दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता था, लेकिन इस वर्ष स्वामी यतीश्वरानंद के सहयोग और आशीर्वाद से मेले का आयोजन दो दिनों तक किया गया। दोनों दिन मेला शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न हुआ। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
मंदिर में कांवड़ यात्रा और चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा, हरिद्वार में प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान जब शहर और लक्सर रोड पर जाम की स्थिति बनती है, तब भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां गंगा में स्नान करते हैं।
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए भवन बनाने की मांग
मंदिर समिति ने सरकार से मंदिर परिसर में कम से कम 50 लोगों के ठहरने की क्षमता वाले भवन का निर्माण कराने की मांग की है। समिति का कहना है कि वर्तमान में यात्रियों के रात्रि विश्राम के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इस कारण दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार यहां यात्रियों के ठहरने के लिए भवन का निर्माण करा देती है, तो कांवड़ यात्रियों, चारधाम यात्रियों और गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। समिति ने सरकार से इस मांग पर सकारात्मक कदम उठाने की अपील की।
स्वच्छता अभियान के दौरान समिति के अध्यक्ष मायाराम प्रधान, महासचिव नरेंद्र प्रधान, कोषाध्यक्ष गौतम एडवोकेट, संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह चौहान, उपप्रधान कैलाश चंद, सदस्य मनोज कुमार, जैकी कश्यप, अरविंद कुमार, दीपक कश्यप, राजन कश्यप, मोहित चौहान, अभिषेक कश्यप, सागर कश्यप और बंसी कश्यप सहित प्रशांत शर्मा एवं समिति के अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।




