उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से विशेष अभियान 6.0 के तहत ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के यार्ड और रेल पटरियों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलकर्मियों और सफाई कर्मचारियों ने पटरियों के आसपास बिखरे कचरे, प्लास्टिक और अन्य अनुपयोगी सामग्री को एकत्रित कर हटाया।
अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों और यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास सफाई रखने और परिसर को कचरा मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुरादाबाद मंडल की ओर से विशेष अभियान 6.0 के तहत रेलवे परिसरों की साफ-सफाई, अनुपयोगी सामग्री के उचित निस्तारण और कार्यस्थलों को व्यवस्थित बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे ट्रैक और यार्ड के आसपास स्वच्छता बनाए रखना सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल ने रेलकर्मियों और यात्रियों से रेलवे परिसर में कचरा नहीं फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। मंडल का कहना है कि स्वच्छ रेल परिसर और बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं।




