आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को कुंभ मेला भवन (सीसीआर) में विभिन्न सेक्टरों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को कुंभ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान की रोजाना समीक्षा भी की जाएगी।
डीएम ने भूपतवाला-भीमगोड़ा, लालतारा पुल से ब्रह्मपुरी, मनसा देवी गेट, बाल्मीकि चौक, शिवमूर्ति से ज्वालापुर पुल तथा रोड़ी बेलवाला समेत अन्य क्षेत्रों में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। मनसा देवी मार्ग पर रेलवे पटरी के किनारे हुए अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल औपचारिकता न हो, बल्कि संबंधित स्थान को पूरी तरह साफ कर यह सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा अतिक्रमण न हो। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों और हितधारकों से संवाद करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को मनसा देवी गेट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने तथा नगर निगम को बाल्मीकि चौक से लालतारा पुल के दाहिने हिस्से में अतिक्रमण हटाने के साथ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रोड़ी बेलवाला से सीसीआर तक प्रशासन और पुलिस के सहयोग से प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाने को भी कहा गया।
बैठक में विद्युत विभाग को नगर क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शन और झूलते तार तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए विद्युत संबंधी संभावित खतरों को समय रहते दूर किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अतिक्रमण के कारण कुंभ से जुड़े निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं के कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई और विद्युत विभाग समेत सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने में तेजी लाएं।
बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, एडीएम जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीएमओ डॉ. आरके सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




