दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर का तीन दिवसीय गोल्डन जुबली समारोह बुधवार को भव्यता, गरिमा और दिव्यता के साथ शुरू हुआ। डीपीएस सोसाइटी के चेयरमैन एवं पूर्व आईएएस अधिकारी वीके शुंगलू ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, पुलिस महानिदेशक इंटेलिजेंस अभिनव कुमार, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, जिला जज नरेंद्र दत्त, बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि वीके शुंगलू ने डीपीएस रानीपुर के 50 वर्ष पूरे होने पर शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अधिक जानकारी हासिल करना नहीं, बल्कि बेहतर इंसान बनना है। उन्होंने कहा कि संस्थाएं समाज से बनती हैं और समाज के विकास के साथ निरंतर आगे बढ़ती हैं। वर्तमान दौर की चुनौतियों का सामना ज्ञान के माध्यम से किया जा सकता है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने ज्ञान का निरंतर विस्तार करना चाहिए। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को सावधानी और समझदारी के साथ अपनाने पर भी जोर दिया।
शुंगलू ने डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने स्वागत संबोधन में डीपीएस रानीपुर की 50 वर्ष की शैक्षिक यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वर्तमान समय में कई चुनौतियां हैं, लेकिन विद्यार्थियों को इन चुनौतियों का सामना करते हुए अपने सपनों की उड़ान जारी रखनी चाहिए।
डीजीपी इंटेलिजेंस अभिनव कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में एआई, पर्यावरण और नशा समाज के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। इनसे दृढ़ता के साथ मुकाबला करने के साथ ही बच्चों को जिम्मेदार और सभ्य साइबर नागरिक बनाना आवश्यक है।
समारोह के तहत आयोजित लिटरेरी फेस्ट में साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों, इंजीनियरों और शिक्षाविदों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा लिखी गई पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में पुस्तक मेले, नई पुस्तकों के लोकार्पण, थॉट लीडरशिप कॉन्क्लेव, थिएटर फेस्टिवल, मुशायरा और कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। साथ ही डीपीएस रानीपुर की 50 वर्ष की यात्रा पर आधारित आकर्षक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।




