जिले में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए स्प्रिंग एवं रिवर रेजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। मुख्य विकास अधिकारी एवं समिति के उपाध्यक्ष डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विकासखंडों की 449.51 लाख रुपये की जल संरक्षण कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई।
बैठक में भगवानपुर विकासखंड की 181.65 लाख, बहादराबाद की 95.08 लाख, लक्सर की 36.98 लाख, रुड़की की 70.65 लाख और नारसन की 65.15 लाख रुपये की कार्ययोजनाएं प्रस्तुत की गईं। इनमें तालाबों के निर्माण एवं पुनरोद्धार, रिचार्ज पिट निर्माण, वृक्षारोपण समेत जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्य शामिल हैं।
लघु सिंचाई विभाग की ओर से भूजल संरक्षण के लिए 63 रिचार्ज शाफ्ट के निर्माण पर 331.15 लाख रुपये तथा छह तालाबों के निर्माण एवं पुनरोद्धार पर 197.40 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। समिति ने विभिन्न विभागों की कार्ययोजनाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. मिश्र ने अधिकारियों को ‘एक जनपद, एक नदी’ अभियान के तहत पथरी रौ से संबंधित कार्ययोजना जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण और भूजल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में SARRA के सदस्य सचिव एवं नोडल अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई खंड हरिद्वार भरत राम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




