स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए एसएमजेएन पीजी कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगे से प्रेरित पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, पर्यावरण प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना, लीगल ऐड सेल, एंटी ड्रग सेल और मानक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के रंगों और राष्ट्रीय भावना को केंद्र में रखकर आकर्षक पोस्टर व पेंटिंग तैयार कीं। चित्रों में देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव, स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता की भावना दिखाई दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा कला के माध्यम से तिरंगे के प्रति भावनाओं की अभिव्यक्ति अभियान को और सार्थक बनाती है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता, संप्रभुता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने कहा कि शिक्षण संस्थान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रतियोगिता में बीएससी की सोनम पालीवाल और बीए की स्नेहा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए की प्रिया रघुवंशी और बीकॉम की शीतल संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं। तृतीय स्थान पर बीकॉम की दीक्षा रावत, बीए की प्रिन्सी राजपूत और बीएससी की मीनाक्षी रहीं। खुशी रावत, यासमीन और कशिश सैनी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।




