बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच तेज हो गई है। अब पुलिस मामले में गिरफ्तार और संदिग्ध आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की भी जांच करेगी। इसके साथ ही मंदिर के करेंसी काउंटिंग रूम की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
जांच अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की आय के स्रोत, बैंक खातों, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चढ़ावे की रकम का कहीं निवेश या दुरुपयोग तो नहीं हुआ। यदि जांच में अवैध संपत्ति मिलने के साक्ष्य मिलते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बदरीनाथ मंदिर के करेंसी काउंटिंग रूम में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा चढ़ावे की गणना और रखरखाव की प्रक्रिया पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनियमितता की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। मामले से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




