आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि की अष्टमी पर श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान विधिवत संपन्न हुआ। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां और हरीगिरेश्वर महादेव की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। समारोह में श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं तेरह मढ़ी के अध्यक्ष श्रीमहंत स्वामी नारायण गिरी सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, यह अनुष्ठान महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी के मार्गदर्शन एवं जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत स्वामी हरिगिरी के निर्देश पर संपन्न हुआ। देश के विभिन्न हिस्सों से आए संन्यासियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी ने अपनी शिष्या महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम का पीठाधीश्वर घोषित किया। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर 2026 (छोटी दीपावली) को मंदिर में मां महाकाली की प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर का लोकार्पण किया जाएगा।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं का भी सम्मान किया गया तथा क्षेत्र के अनेक सामाजिक व धार्मिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




