लगातार बिजली कटौती और अनियमित विद्युत आपूर्ति से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार देर रात सरेनी विद्युत उपकेंद्र (पावर हाउस) का घेराव कर प्रदर्शन किया। अभिनव तिवारी ‘संगम’ के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई।
ग्रामीणों का आरोप था कि बार-बार विद्युत रोस्टिंग से क्षेत्र की जनता परेशान है। चौथी बार रोस्टिंग का संदेश मिलने के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और बड़ी संख्या में ग्रामीण पावर हाउस पहुंच गए। मौके पर केवल एक कर्मचारी मौजूद मिला, जबकि अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास भी सफल नहीं हो सका।
सूचना पर प्रशासन और स्थानीय पत्रकार मौके पर पहुंचे। करीब साढ़े तीन घंटे चली वार्ता के बाद अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह से प्रदर्शनकारियों की बातचीत कराई गई। अधिशासी अभियंता ने रात में एक के बजाय तीन कर्मचारियों की तैनाती, पावर हाउस की साफ-सफाई, शौचालय की व्यवस्था तथा विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। हालांकि अभिनव तिवारी ‘संगम’ ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों, प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक संगठनों के साथ धरना-प्रदर्शन, आमरण अनशन सहित व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।




