उत्तराखंड के ऋषिकेश में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में मेरठ निवासी युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था और सिरासू पुल के पास गंगा में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद साथी युवकों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा के तेज बहाव वाले और प्रतिबंधित क्षेत्रों में स्नान करने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।




