बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच पूरी होने तक बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को भंग करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कदम आवश्यक है।
नगर कांग्रेस कमेटी की पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल रतूड़ी ने आरोप लगाया कि बदरीनाथ और केदारनाथ से जुड़े कई मामलों की जांच अब तक पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि समिति के अध्यक्ष पूर्व में भी विभिन्न आरोपों से घिरे रहे हैं, इसलिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश नेगी और ब्लॉक अध्यक्ष दिगंबर सिंह बिष्ट ने कहा कि बीकेटीसी से जुड़े पूर्व मामलों में भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में इस बार जांच पूरी होने तक समिति को भंग रखा जाना चाहिए। वहीं, ब्रह्मकपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति के केंद्रीय अध्यक्ष उमेश सती ने भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, बीकेटीसी ने चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




