उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

इंस्टाग्राम रील से खुला एक साल पुरानी चोरी का राज, 10 लाख के जेवर बरामद

राजधानी देहरादून में इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई एक रील एक साल पुरानी लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी का खुलासा करने का कारण बन गई। राजपुर थाना पुलिस ने पूर्व घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आईटी पार्क क्षेत्र निवासी महिला ने 1 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा था कि गहने कहीं रख दिए होंगे, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ। हाल ही में एक परिचित ने बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका ने इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर रील साझा की है। रील देखने पर महिला ने हार को अपना पहचान लिया और पुलिस से शिकायत की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विमला (34) को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो अंगूठियां, एक पेंडेंट और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घरेलू सहायिका के रूप में काम करते समय उसने लॉकर से आभूषण चोरी किए थे और बाद में मालकिन को भ्रमित कर दिया कि गहने कहीं और रखे होंगे। महंगे आभूषण बेचने में असफल रहने पर उसने उन्हें पहनकर सोशल मीडिया पर रील बना दी, जो उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गई। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹2,500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button