13 जून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की पासिंग आउट परेड (POP) में शनिवार को इतिहास रचते हुए पहली बार राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) से प्रशिक्षित नौ महिला कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल हुईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में आयोजित इस भव्य समारोह में कुल 515 कैडेटों को सेना में कमीशन प्रदान किया गया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने इस अवसर को भारतीय सैन्य इतिहास का “ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी क्षण” बताते हुए कहा कि महिला कैडेटों का सेना में अधिकारी के रूप में शामिल होना सशस्त्र बलों में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
परेड के दौरान कैडेटों ने अनुशासन, साहस और सैन्य कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। ‘अंतिम पग’ पार करते ही सभी कैडेट भारतीय सेना के अधिकारी बन गए। समारोह में देश-विदेश से आए सैन्य अधिकारियों, परिजनों और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।
इस बार की पासिंग आउट परेड को विशेष रूप से महिला कैडेटों के पहले बैच के कारण ऐतिहासिक माना जा रहा है। सैन्य विशेषज्ञों के अनुसार यह भारतीय सेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और समान अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।




