बहादराबाद, 13 जून। हेमवती नन्दन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून द्वारा आयोजित राज्य नर्सिंग प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन शनिवार को रोहलकी रोड स्थित केयर कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बहादराबाद में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में आयोजित की गई।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए कॉलेज प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विशेष रूप से परीक्षार्थियों के साथ आए अभिभावकों के लिए कॉलेज की ओर से बैठने, नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई। अभिभावकों ने कॉलेज द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कॉलेज प्रबंधन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय एवं शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया। परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, अनुशासन एवं सुचारु व्यवस्था के साथ संपन्न हुआ। कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।




