उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

अतिक्रमण अभियान में व्यापारियों की तिरपाल व शेड न हटाने की मांग

हरिद्वार, 5 जून। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग के नेतृत्व में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान व्यापारियों को हो रही समस्याओं से अवगत कराया।

डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दुकानों पर लगी तिरपाल और शेड को अतिक्रमण की श्रेणी में न रखा जाए। उन्होंने बताया कि तिरपाल धूप, बारिश और गर्मी से ग्राहकों एवं व्यापारियों को राहत प्रदान करती है। इनके हटने से छोटे और मझोले व्यापारियों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा शासन-प्रशासन का सहयोग करता रहा है और विभिन्न मेलों, स्नान पर्वों तथा कुंभ जैसे आयोजनों में भी प्रशासन का साथ देता है। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई बार व्यापारियों के सामान को नुकसान पहुंचता है, जिससे उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है।

व्यापार मंडल के संगठन महामंत्री योगेश भारद्वाज और शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने भी जिलाधिकारी से मांग की कि अभियान के दौरान व्यापारियों के हितों का ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है, वहां पूर्व सूचना दी जाए ताकि व्यापारी अपने सामान की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।

जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को संतुलित और संवेदनशील तरीके से संचालित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button