हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल के एसी में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगी, जिससे पूरे अस्पताल में धुआं फैल गया और मरीजों व तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय अस्पताल के आईसीयू में कई मरीज भर्ती थे। अस्पताल प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। दो मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एसएसपी प्रमोद डोबाल समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। अस्पताल की इलेक्ट्रिक व्यवस्था और एसी यूनिट की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।




