जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों के लिए फील्ड में ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र (आईडी कार्ड) धारण करना अनिवार्य कर दिया गया है।
नगर आयुक्त व प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनगणना कार्य को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी प्रगणक (एन्यूमरेटर) और सुपरवाइजर घर-घर सर्वे के दौरान अपना आईडी कार्ड दिखाकर ही कार्य करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की शंका न रहे।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना कार्य की नियमित निगरानी के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। साथ ही बिना सूचना अनुपस्थित रहने या आवश्यक सामग्री प्राप्त न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जनगणना कार्य को सुचारू बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जिससे संबंधित किसी भी समस्या का समाधान किया जा सके।
गौरतलब है कि राज्य में जनगणना 2027 का पहला चरण चल रहा है, जिसके तहत घर-घर जाकर डेटा एकत्र किया जा रहा है और इसे पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है।




