पुष्पांजलि हाउसिंग प्रोजेक्ट में करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे बिल्डर दीपक मित्तल की पत्नी राखी मित्तल को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में गिरफ्तार कर लिया गया है। करीब पांच साल बाद जांच एजेंसियों को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, मित्तल दंपती पर फ्लैट बेचने के नाम पर करीब 45 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। वर्ष 2020 में उनके खिलाफ पहला मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद कई पीड़ितों की शिकायत पर देहरादून के विभिन्न थानों में करीब 10 मामले दर्ज किए गए।
बताया जा रहा है कि दीपक मित्तल “पुष्पांजलि रियल्म्स एंड इंफ्राटेक” के नाम से कंपनी चलाता था और शहर में लग्जरी फ्लैट परियोजनाओं में निवेश के नाम पर लोगों से धन लिया गया। बाद में निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर आरोपी परिवार विदेश फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस और रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था तथा दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जांच के दौरान उनके यूएई में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद कार्रवाई तेज की गई।
फिलहाल राखी मित्तल की गिरफ्तारी के बाद उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी दीपक मित्तल अब भी फरार बताया जा रहा है।
इस कार्रवाई से लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे निवेशकों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




