तेलंगाना के प्रसिद्ध राजनेता टी राजा सिंह ने मंगलवार को सपरिवार बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। दर्शन के उपरांत उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गद्दी एवं पादुका के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
धाम प्रवास के दौरान टी राजा सिंह ने ज्योतिर्मठ के प्रभारी स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानंद गिरि से भेंट कर प्रसाद ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि टी राजा सिंह हिन्दुत्व की प्रखर आवाज के रूप में जाने जाते हैं। हाल ही में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उन्हें ‘रजताक्षर’ सम्मान प्रदान कर गौ-रक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की थी।
इस अवसर पर शंकर स्वरूप ब्रह्मचारी, आचार्य अशोक टोडरिया, भास्कर डिमरी और कमलेश कुकरेती सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




