श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने आगामी कार्तिक पूर्णिमा स्नान से पूर्व गंगा का जलस्तर बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, लेकिन वर्तमान में अमरापुर घाट से लेकर सिंहद्वारा तक जलस्तर अत्यधिक कम होने से श्रद्धालुओं को स्नान में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।
पंडित कौशिक ने कहा कि भारी भीड़ के कारण सभी श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर स्नान नहीं कर पाते, इसलिए वैकल्पिक घाटों का निर्माण किया गया है, परंतु जलस्तर कम होने से वहां खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते जलस्तर नहीं बढ़ाया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
अखाड़े के अध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में सिंचाई विभाग, उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और शीघ्र जलस्तर बढ़ाने की मांग की गई है। साथ ही घाटों पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है।
पंडित अधीर कौशिक ने श्रद्धालुओं से तीर्थ की मर्यादा का पालन करने और गंगा की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।




