केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद रविवार को कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी जताई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह छात्रों के आंदोलन और उनके लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उनका दावा था कि जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शनों और विपक्ष के नेता व रायबरेली सांसद राहुल गांधी द्वारा छात्रों के मुद्दे को लगातार उठाए जाने के कारण यह स्थिति बनी।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और उत्पीड़न के विरोध में तिलक भवन से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक कैंडल मार्च निकाला। मार्च के दौरान छात्रों के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।
कार्यक्रम में सरेनी की प्रत्याशी सुधा द्विवेदी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी, पंजाबी सिंह, अतुल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




